सांसद मनोज तिवारी ने किया निगम प्रतिभा विद्यालय में 8 कमरों एवं बैडमिंटन हाॅल के साथ क्षेत्र में औषधालय का शिलान्यास

दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने आज करावल नगर वार्ड संख्या-61-ई में स्थित पूर्वी दिल्ली नगर निगम के प्रतिभा विद्यालय में 8 अतिरिक्त कमरों एवं बैडमिंटन हाॅल का शिलान्यास किया। इसके अलावा सांसद  मनोज तिवारी ने करावल नगर गांव में निगम औषधालय का भी शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर शिक्षा समिति अध्यक्ष राजकुमार बल्लन; स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष सचिन शर्मा; पार्षद, सत्यपाल सिंह सहित अन्य पार्षद एवं निगमाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि विषम वित्तिय परिस्थितियों में भी पूर्वी निगम द्वारा शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने, निगम विद्यालयों का ढांचागत सुधार तथा बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेलों की व्यवस्था करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के अनुसार महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है जोकि निश्चित रूप से सराहनीय है।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजकुमार बल्लन ने जानकारी देते हुए बताया कि करावल नगर स्थित प्रतिभा निगम विद्यालय में लगभग 427 लाख रुपये की लागत से आर.सी.सी फ्रेम संरचना पर आधारित 8 कमरों तथा एक बैडमिंटन हाॅल का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसका निर्माण कार्य एक वर्ष तक पूरा करने की योजना है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के प्रत्येक तल पर छात्र, छात्राओं एवं शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था भी की जायेगी। 
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम शिक्षा के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में कार्य करते हुए पूर्वी निगम द्वारा लगभग 61 लाख रुपये की लागत से करावल नगर गांव में एक औषधालय का निर्माण कराया जा रहा है जिसका निर्माण कार्य 9 माह में पूरा होने की संभावना है। श्री सचिन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दो तलों के इस औषधालय में 3 कमरे, 3 काॅमन हाॅल एवं 3 स्टोर एवं दवा वितरण कमरों का निर्माण किया जायेगा। इसके अलावा महिला, पुरूषों एवं विकलांगों के लिए प्रत्येक तल पर शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस औषधालय का कवर्ड एरिया 169.02 वर्ग मीटर होगा।