आम आदमी पार्टी और कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली का माहौल खराब कर रही हैं - मनोज तिवारी

   नई दिल्ली।  दिल्ली की कच्ची कालोनियों को मालिकाना हक मिलने के उपरान्त 22 दिसंबर को रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की धन्यवाद रैली को लेकर देवली में आज एक जनसभा का आयोजन किया जिसको प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने संबोधित करते हुये कहा कि कच्ची कालोनियों के पास होने से दिल्ली का चौमुखी विकास होगा। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी नीलकांत बक्शी, पूर्व विधायक विजय जौली, जिला प्रभारी सत्यनारायण गौतम, जिलाध्यक्ष रोहताश कुमार, जिला महामंत्री चंदन चैधरी, जिला उपाध्यक्ष सुनील सूद, राजकुमार चैटाला, मंडल अध्यक्ष विजय सहगल, कुलदीप , पार्षद अनीता सेंगर,विजय पहाड़िया, संदीप शुक्ला, संजय राय, कार्यक्रम संयोजक गगन , उपदेश गुप्ता के साथ जिला एवं मंडल के पदाधिकारी व सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे। 


 भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कच्ची कालोनियों के विकास में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पिछले 20 साल से बाधा बनी हुई थी लेकिन मोदी सरकार ने 100 दिनों के अंदर इन कालोनियों के माथे से अनधिकृत का ठप्पा मिटा दिया। अब इन कालोनियों का विकास डीडीए द्वारा किया जायेगा। कालोनियों में रहने वाले लोगों द्वारा बड़ी तादाद में रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो गया है। लोगों को रजिस्ट्रेशन में असुविधा न हो इसके लिये भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी टोलियां बनाकर उनकी मदद कर रहे हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दिल्ली के विकास को रोकने के लिये तरह-तरह की अफवाहें फैला रही हैं।उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में भ्रांति फैलाने के लिये मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा दिल्ली में जगह-जगह जाकर मुसलमान भाइयों में भ्रम फैलाकर दिल्ली की शांति को भंग कर रहे हैं लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा गुमराह होने की जरूरत नहीं है क्योंकि नागरिकता संशोधन कानून भारत के मुसलमानों या भारत में जन्म लिये किसी भी नागरिक पर लागू ही नहीं होता है। इसलिये मैं दिल्ली के लोगों से अमन शांति बनाने की अपील करते हुये यह कहना चाहता हूं कि नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में किसी भी तरह की सही जानकारी लेने के लिये भारतीय जनता पार्टी के पास आ सकते हैं।