पूर्वी दिल्ली नगर निगम के संपत्ति कर विभाग द्वारा गीता कॉलोनी में यूपिक सर्वे का शुभारम्भ

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के संपत्ति कर विभाग द्वारा आज गीता कॉलोनी वार्ड में विशिष्ट संपत्ति पहचान कोड (यूपिक ) जारी करने हेतु जरूरी सर्वे का कार्य प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, पूर्व महापौर और क्षेत्रीय पार्षद नीमा भगत, पार्षद दीपक मल्होत्रा, संयुक्त कर निर्धारक एवं समाहर्ता एम.के. सिंह और वरिष्ठ निगम अधिकारी मौजूद रहे।


गीता कॉलोनी, समुदाय भवन में आयोजित कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों, प्रबुद्ध जनों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने यूपिक के संबंध में लोगों की शंकाओं और सुझावों को सुना और स्पष्टीकरण दिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, स्थायी समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि यूपिक जारी होने के बाद संपत्तियों को विशिष्ट पहचान हासिल होगी जिससे संपत्ति का कर भुगतान और अधिक सुगम व पारदर्शी हो जाएगा। यह आधार और पैन कार्ड की तरह महत्वपूर्ण साबित होगा।उन्होंने कहा कि इससे वार्ड की सभी संपत्ति निगम के रिकॉर्ड में दर्ज हो सकेंगी साथ ही उन्होंने लोगों से सर्वे में सहयोग करने की अपील की।


पूर्व महापौर नीमा भगत ने कहा कि गीता कॉलोनी समुदाय भवन में यूपिक संबंधी शिकायतों के लिए एक सुविधा केंद्र भी बनाया जा रहा है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत हैं।